रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग का निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग ने वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज से ओडिशा प्रिंट वाली पीआरओएम (PROM) उर्वरक की 11 बोरियां (करीब 550 किलोग्राम) जब्त की हैं।
कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सालेपाली, पाइकमाल (जिला बरगढ़, ओडिशा) प्रिंट वाली उर्वरक की बोरियां मिलने पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई।
कृषि विभाग ने कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा और उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। उर्वरक के भंडारण या बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



