Raipur : एम्स रायपुर (AIIMS) में एक डॉक्टर द्वारा मरीज से मारपीट करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला प्लास्टिक सर्जरी विभाग का है, जहां ऑपरेशन के बाद मरीज ने सिरदर्द की शिकायत की थी। जब मरीज ने डॉक्टर से इस बारे में सवाल किया, तो डॉक्टर ने गुस्से में आकर उसके साथ मारपीट कर दी। घटना के बढ़ते तनाव को देखते हुए एम्स प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
मरीज बिलासपुर का निवासी है और उसका सीने के दाहिने हिस्से का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद होश में आने पर उसे सिरदर्द की शिकायत हुई। मरीज ने बताया कि ऑपरेशन के बाद रात 9:30 बजे होश आने पर सिर में दर्द हो रहा था और सिर सूजा हुआ भी था, जिससे ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने मारा हो। जब उसकी पत्नी ने डॉक्टर से सवाल किया, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
रात करीब 11 बजे जब डॉक्टर आए और मरीज ने सिरदर्द के बारे में पूछा, तो डॉक्टर भड़क गए और कहा, “क्या तुम कहना चाहते हो कि हम ऑपरेशन थियेटर में तुम्हें मार रहे थे?” इसके बाद डॉक्टर ने मरीज को थप्पड़ मारा और उसकी पत्नी को भी धक्का दे दिया।
घटना के वीडियो वायरल होने के बाद एम्स रायपुर प्रशासन हरकत में आया और जांच के आदेश दिए गए। एम्स के निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदाल ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल सुपरिटेंडेंट (MS) को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है, और जल्द ही रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल ने घटना स्थल के CCTV फुटेज की जांच भी शुरू कर दी है। इस मामले में सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी और अगर डॉक्टर दोषी पाया जाता है, तो उस पर भी उचित कार्रवाई की जाएगी।