बस्तर से न्यायधानी बिलासपुर का रास्ता अब हवाई मार्ग से भी आसान हो गया है। एयर एलायंस की बिलासपुर फ्लाइट, जो पहले 3 जून को शुरू होनी थी, कुछ कारणों से 7 जून तक टल गई थी।
शुक्रवार से इस फ्लाइट की शुरुआत हो गई है। पहले ही दिन बिलासपुर के लिए 4 यात्री और दिल्ली के लिए 30 यात्रियों ने उड़ान भरी। यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन (सोमवार, बुधवार और शुक्रवार) संचालित होगी।
बिलासपुर तक के लिए हवाई सफर का किराया 1500 रुपये है। एलायंस एयर पहले से ही जगदलपुर से हैदराबाद, रायपुर, जबलपुर और दिल्ली के लिए फ्लाइटें संचालित करता रहा है।
जगदलपुर अब हवाई मार्ग से देश के 5 शहरों से जुड़ गया है। सोमवार और शुक्रवार को दिल्ली, जबलपुर, जगदलपुर, बिलासपुर, दिल्ली रूट पर फ्लाइट संचालित होगी।
बुधवार को दिल्ली, बिलासपुर, जगदलपुर, जबलपुर, दिल्ली रूट पर फ्लाइट होगी।
जबलपुर वाया दिल्ली जाने वाली फ्लाइट का किराया 5500 रुपये कर दिया गया है। पहले यह किराया 8500 रुपये था। इस किराए में 3000 रुपये की कमी से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
बिलासपुर जाने वाले यात्रियों का कहना है कि हाईकोर्ट जाने के लिए अब तक बस ही एकमात्र विकल्प था। हवाई संपर्क शुरू होने से हाईकोर्ट का रास्ता अब आसान हो गया है।