रायपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के आपात चिकित्सा विभाग में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रवेश और पंजीयन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब गंभीर मरीजों को भीड़ से होकर इमरजेंसी तक जाने की जरूरत नहीं होगी।
नई व्यवस्था के तहत ओपीडी गेट स्थित कक्ष क्रमांक 100 में सीएमओ कक्ष से मरीजों का प्रारंभिक जांच और पंजीयन किया जाएगा। गंभीर मरीजों को जांच के बाद बिना देरी सीधे आपात चिकित्सा विभाग भेजा जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीजों की संख्या बढ़ने से मौजूदा प्रवेश व्यवस्था में भीड़ और स्थान की कमी की समस्या सामने आ रही थी। नई व्यवस्था का उद्देश्य भीड़ नियंत्रित करना, गंभीर मरीजों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराना और आवागमन को सुगम बनाना है। व्यवस्था की नियमित समीक्षा कर जरूरत के अनुसार बदलाव किए जाएंगे।

