अंबिकापुर। एक्सपायरी धान (बीज) को मंडी में खपाने की व्यापारियों की कोशिश जागरूक नागरिकों की सतर्कता से नाकाम हो गई। इस मामले में सुभाषनगर स्कूल पारा निवासी केशव मंडल और ब्रिज किशोर सिंह को आरोपी बताया जा रहा है।
पूरा मामला गांधीनगर वार्ड क्रमांक-2 का है, जहां सिलफिली धान समिति में करीब 3 लाख 72 हजार रुपये मूल्य की 300 बोरी एक्सपायरी धान बेचने की साजिश रची जा रही थी। आरोप है कि बीज भंडार गृह के संचालक एक्सपायरी धान को प्लास्टिक पैकेट से निकालकर बोरी में भर रहे थे, जबकि पुराने पैकेटों को आग में जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की जा रही थी।
मामले की सूचना मिलते ही फूड इंस्पेक्टर चित्रकांत ध्रुव मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए 300 बोरी धान जब्त कर लिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

