जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक जगदलपुर में शुरू हो गई है। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
बैठक में राज्यों के बीच प्रशासनिक समन्वय, कानून व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, सीमा विवाद, जल संसाधन, परिवहन और बिजली जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। साथ ही बस्तर को विकास और शांति के मॉडल के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त रणनीति और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी मंथन हो सकता है। बैठक में विभिन्न राज्यों की चुनौतियों और उनके समाधान के लिए रोडमैप तैयार किए जाने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की पिछली बैठक जून 2025 में वाराणसी में आयोजित की गई थी।


