Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ को खेल हब बनाने की तैयारी, डिप्टी सीएम अरुण साव ने अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों और प्रशिक्षकों को छत्तीसगढ़ में नई खेल संस्कृति विकसित करने और राज्य को खेल हब बनाने के लिए विजन के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के खेल आयोजनों से कम उम्र की प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

अरुण साव ने ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार, सभी जिलों में खेल संघों के गठन और उनके पंजीयन के निर्देश दिए। उन्होंने खेलो इंडिया सेंटर और उपलब्ध खेल अधोसंरचना का बेहतर उपयोग कर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने की बात कही।

उन्होंने सभी जिलों के खेल अधिकारियों को प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की प्रोफाइल तैयार करने और निर्माणाधीन खेल परिसरों व स्टेडियमों का कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को खेल परियोजनाओं को प्राथमिकता देने और हर माह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

डिप्टी सीएम ने स्कूलों में प्रतिदिन एक खेल पीरियड सुनिश्चित करने, गांवों में खेलों का माहौल बनाने और प्रशिक्षकों को नई तकनीकों, उपकरणों व अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार अपडेट रहने के भी निर्देश दिए।

Exit mobile version