रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के 115 शहरों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से इनका लोकार्पण करेंगे, जबकि अन्य 114 नगरीय निकाय वर्चुअली जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर साढ़े 12 बजे अटल एक्सप्रेस-वे स्थित फुंडहर चौक पर अटलजी की प्रतिमा का अनावरण और अटल परिसर का लोकार्पण भी करेंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 11 नगर निगमों, 28 नगर पालिकाओं और 76 नगर पंचायतों में एक साथ अटल परिसरों का लोकार्पण होगा। उन्होंने कहा कि अटलजी के योगदान को स्मरणीय बनाने के लिए सरकार उनके जन्म शताब्दी वर्ष को ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मना रही है।
उन्होंने बताया कि सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर निर्माण के लिए कुल 46 करोड़ 87 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इनमें अटलजी की प्रतिमा के साथ परिसर का सौंदर्यीकरण किया गया है, जिससे शहरों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक नया केंद्र मिलेगा।