Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: भूटिया और मैरी कॉम ने खिलाड़ियों और सिस्टम पर उठाए सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का समापन समारोह आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित हो रहा है। इस खास मौके से पहले साइंस कॉलेज मैदान में पूर्व भारतीय फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया और विश्व चैंपियन बॉक्सर मैरी कॉम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खेल व्यवस्था और खिलाड़ियों से जुड़े अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी।

बाइचुंग भूटिया ने कहा कि खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन मेडल नहीं मिलने के पीछे कई खामियां हैं। उन्होंने कोचिंग सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ही कोच पर लंबे समय तक निर्भर रहना, कोचों को उचित प्रशिक्षण न मिलना और वर्षों तक एक ही पद पर बने रहना बड़ी समस्या है। उनके मुताबिक, जब अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हैं, तो बदलाव जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान व्यवस्था में सुधार के बिना बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करना मुश्किल है।

वहीं मैरी कॉम ने खिलाड़ियों के लिए अनुशासन और समय प्रबंधन को बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा होने के बावजूद खिलाड़ी कई बार गलत आदतों के कारण पीछे रह जाते हैं। सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताना, सही दिनचर्या का पालन न करना और संतुलित डाइट की कमी प्रदर्शन को प्रभावित करती है। उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को मानसिक दबाव से निपटना सीखना होगा, क्योंकि परिवार और समाज का प्रेशर उनके प्रदर्शन पर असर डालता है।

मैरी कॉम ने समाज की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सफलता के बावजूद खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ता है, इसलिए मजबूत मानसिकता बेहद जरूरी है।

Exit mobile version