रायपुर। वैलेंटाइन सप्ताह की शुरुआत के साथ ही राजधानी रायपुर में बजरंग दल ने प्रेमी युगलों को चेतावनी दी है। मंगलवार को तेलीबांधा स्थित बजरंगबली मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ और शस्त्र पूजन के बाद कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वैलेंटाइन डे का कोई स्थान नहीं है और 14 फरवरी को मातृ–पितृ दिवस मनाया जाना चाहिए।
बजरंग दल ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता या संस्कृति विरोधी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। संगठन ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं है, लेकिन पार्कों, होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रेम प्रदर्शन के नाम पर फूहड़ता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

