Sarangarh : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में मामूली विवाद के बाद एक युवक को गोली मार दी गई, जिसके बाद उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
घटना सूर्या बेकरी के सामने की है, जहां प्लास्टिक जलाने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में ललिता बघेल, पिंटू जांगड़े और कृष्णा राजपूत का बेकरी स्टाफ से झगड़ा हुआ। इसी दौरान आरोपियों ने बेकरी कर्मचारी मुखलाल मांझी के सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी अस्पताल में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से कार और मैगजीन बरामद की गई।
मुख्य आरोपी पर पहले से थे गंभीर आरोप
मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत पहले भी विवादों में रहा है। तीन महीने पहले सिंघनपुर के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और कलेक्टर से शिकायत की थी कि वह बंदूक की नोक पर अवैध रेत खनन कर रहा है। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उसका हौसला बढ़ता चला गया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी कृष्णा राजपूत की तलाश तेज कर दी गई है।

