बालोद में वन विभाग की बड़ी गड़बड़ी: सागौन की अवैध कटाई कर फर्नीचर बनाने का आरोप

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में वन विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां जंगलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी ही अवैध कटाई में शामिल पाए गए हैं। एक शिकायत के अनुसार कीमती सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई कर उससे टी-टेबल, ड्रेसिंग टेबल सहित अन्य फर्नीचर तैयार कराया गया।

इस मामले में तत्कालीन वनमंडल अधिकारी (DFO), रेंजर और डिप्टी रेंजर समेत कई अधिकारियों की संलिप्तता सामने आ रही है। अवैध रूप से काटी गई सागौन की लकड़ी को वन विभाग के काष्ठागार में लाकर आरा-मिल में चिरान कराया गया। शिकायत पर रायपुर से पहुंची टीम ने काष्ठागार और कारपेंटर के यहां से सागौन की लकड़ी व चिरान जब्त किया है।

जांच में सामने आया है कि तत्कालीन डीएफओ अभिषेक अग्रवाल के निर्देश पर डौंडी रेंजर जीवन लाल भोंडेकर द्वारा यह कार्य कराया गया। वहीं, जब एसडीओ जीवन लाल सिन्हा से संपर्क किया गया तो उन्होंने जानकारी देने से बचते हुए बाद में बताने की बात कही। आज फिर रायपुर से वरिष्ठ अधिकारी बालोद पहुंचकर मामले की विस्तृत जांच करेंगे, जिसके बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की संभावना है।

You May Also Like

More From Author