Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

पीने के पानी के लिए आड़ेझर के ग्रामीणों का चक्काजाम, 9 लोग आमरण अनशन पर बैठे

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के आड़ेझर गांव में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर आंदोलन शुरू कर दिया है। प्रशासन के पहले दिए गए आश्वासन पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज हजारों ग्रामीणों ने दल्लीराजहरा-महामाया मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन में महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग भी शामिल हुए हैं।

ग्रामीणों की प्रमुख मांग बोइरडीही जलाशय से पाइपलाइन के जरिए गांव तक पीने का पानी पहुंचाने की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। इसी वजह से उन्होंने दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाया है।

9 ग्रामीण आमरण अनशन पर

इस आंदोलन में 9 ग्रामीण आमरण अनशन पर बैठे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम धरना स्थल पर पहुंचकर अनशनकारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

SDM से बातचीत बेनतीजा

सूचना मिलने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की, लेकिन बातचीत में सहमति नहीं बन सकी। चक्काजाम के कारण दल्लीराजहरा-महामाया मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है। साथ ही महामाया, दुलकी और कलवर माइंस से कच्चा लोहा लेकर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान चाहिए।

Exit mobile version