बालोद। पुलिस का काम अपराध रोकना और कानून व्यवस्था बनाए रखना होता है, लेकिन बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पुलिसकर्मी पर ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री कराने के लिए दबाव बनाने और रंगदारी वसूलने का आरोप लगा है।
नेवारीकला निवासी दिलीप सतनामी और उनकी पत्नी लता बाई ने बालोद एसपी से शिकायत की है कि एक आरक्षक ने न केवल उनके घर तक शराब पहुंचाई, बल्कि जबरन बिक्री करने का भी दबाव बनाया। इतना ही नहीं, ऑनलाइन माध्यम से अवैध शराब बिक्री से करीब 62 हजार रुपये भी वसूल लिए, जिससे पीड़ित दंपति को अपना घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई।
आरोप यह भी है कि पुलिसकर्मी के दबाव में आकर शराब बेचने वाले को जेल जाना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी एस आर भगत ने जांच के आदेश दिए हैं और उचित कार्रवाई की बात कही है। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस विभाग अपने ही कर्मचारी पर क्या कदम उठाता है।

