बलौदाबाजार। पलारी थाना क्षेत्र में फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले की जांच तेज हो गई है। मामले में गिरफ्तार RMA करण कुमार देवांगन और रवि कुमार सेन जेल जाने से पहले पेट दर्द और लूज मोशन की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हुए। उपचार के बाद दोनों की हालत बेहतर बताई गई है और उन्हें डिस्चार्ज कर पुलिस की निगरानी में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पुलिस ने जांच के दौरान साइबर सेल के जरिए प्रणव अवस्थी और निजी कंप्यूटर ऑपरेटर प्रखर कश्यप को भी हिरासत में लिया है। पुलिस लैपटॉप, कंप्यूटर और प्रिंटर जब्त कर यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी ट्रांसफर आदेश किस सिस्टम से तैयार और प्रिंट किया गया।
मामला 14 अगस्त 2026 के कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश से जुड़ा है, जिसे RMA करण देवांगन ने 17 अगस्त को पलारी BMO कार्यालय में प्रस्तुत किया था। सत्यापन में CMHO कार्यालय ने आदेश को फर्जी बताया और दस्तावेज पर हस्ताक्षर भी वास्तविक नहीं पाए गए।
पुलिस ने मामले में भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल, करण कुमार देवांगन और रवि कुमार सेन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की है। भाजपा ने कृष्णा अवस्थी और पुनीराम पटेल को संगठन से निष्कासित कर दिया है। पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

