बलरामपुर। धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले ही बिचौलियों की हलचल बढ़ गई है। इसी बीच पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने जंगल में फिल्मी अंदाज़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए 143 बोरी अवैध धान और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। कार्रवाई को लेकर एसडीएम का एक तगड़ा डायलॉग भी चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान टीम को अवैध धान की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचते ही बिचौलिये धान को जंगल में छुपाकर भाग निकले। कार्रवाई के बाद एसडीएम आनंद राम नेताम ने चेतावनी देते हुए फिल्मी स्टाइल में कहा— “जानी तुम झुकेगा नहीं तो हम रुकेगा नहीं!”
बताया जा रहा है कि यह अवैध धान उत्तर प्रदेश से लाया जा रहा था। बलरामपुर कलेक्टर के निर्देश पर रामचंद्रपुर तहसील क्षेत्र में यह अभियान चलाया गया। लगातार की जा रही कार्रवाई से कोचियों और बिचौलियों में खलबली मची हुई है।

