रायपुर। बसना विधानसभा के भाजपा विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल को शुक्रवार रात को हार्ट अटैक आया। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर स्थित बालाजी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
विधायक के बेटे सुमित अग्रवाल ने बताया कि बीती रात लगभग 11:30 बजे डॉ. सम्पत अग्रवाल को हल्का चेस्ट पेन महसूस हुआ। इस पर उन्हें तत्काल बसना के अग्रवाल नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां के वरिष्ठ सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने हृदयाघात का संदेह व्यक्त किया और बिना देरी किए प्राथमिक उपचार किया। डॉ. अग्रवाल को एम्बुलेंस के जरिए रायपुर स्थित बालाजी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, डॉ. सम्पत अग्रवाल को मेजर हार्ट अटैक आया है। उनके हृदय में तीन ब्लॉकेज पाए गए हैं, जिनमें से एक 100%, दूसरा 90% और तीसरा 60% ब्लॉकेज है। 100% ब्लॉकेज को तत्काल उपचार कर खोल दिया गया है। अन्य ब्लॉकेज के उपचार की प्रक्रिया भी जारी है।
बालाजी हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. देवेंद्र नायक और उनकी टीम विधायक की निगरानी कर रहे हैं। चिकित्सा दल की रिपोर्ट के अनुसार, विधायक की तबीयत वर्तमान में स्थिर है और वे पूरी तरह से उपचारित हो रहे हैं।