जगदलपुर: बस्तर में धर्मांतरण का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। बस्तर ब्लॉक के बाकेल गांव में एक धर्मांतरित व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। ग्रामीणों ने मृतक को मूल धर्म में वापस लाने की मांग पर अड़े रहे, जिसके चलते कफन-दफन में देरी हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृत व्यक्ति विशेष धर्म का प्रचारक था। उसकी मृत्यु के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उसने धर्म परिवर्तन कराया था। इस कारण वे मृतक को मूल धर्म के अनुसार अंतिम संस्कार करने पर अड़े रहे।
ग्रामीणों के विरोध के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद धर्मांतरित परिवार मूल धर्म में वापस लौटने के लिए तैयार हुआ। परिवार ने लिखित रूप से यह घोषणा की कि वे अब मूल धर्म का पालन करेंगे।
इसके बाद ग्रामसभा की अनुमति से मृतक का अंतिम संस्कार मूल धर्म के रीति-रिवाज के अनुसार किया गया। इस दौरान पुजारी, नाईक और पाइक भी मौजूद रहे।

