Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

बस्तर हेरिटेज मैराथन: जगदलपुर में 9800 से अधिक धावकों ने लगाई दौड़

जगदलपुर। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में रविवार को ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 9,800 से अधिक धावकों ने विभिन्न श्रेणियों में भाग लिया। इस मैराथन का उद्देश्य बस्तर के बदलते स्वरूप, प्रमुख पर्यटन स्थलों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना रहा। खास बात यह रही कि इसमें 200 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

मैराथन की शुरुआत जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से हुई, जबकि 42 किलोमीटर की फुल मैराथन का समापन विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के पास किया गया। समापन समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने विजेताओं को सम्मानित किया।

42 किलोमीटर फुल मैराथन के ओपन पुरुष वर्ग में इथियोपिया के टेबेजे किनेटो वाशे ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ओपन महिला वर्ग में इथियोपिया की मेसेरेट विजेता रहीं। ओपन कैटेगरी में विदेशी खिलाड़ियों का दबदबा साफ नजर आया।

वहीं, बस्तर संभाग श्रेणी में फुल मैराथन के पुरुष वर्ग में संजय कोर्राम और महिला वर्ग में कुसुम शार्दूल ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी की अन्य श्रेणियों के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

Exit mobile version