जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसते हुए झारखंड से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई ठग गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने में अहम साबित होगी।
फ्रेंचाइजी के नाम पर 11.65 लाख की ठगी
मामला जगदलपुर निवासी देवांश कुमार बजाज का है। आरोपियों ने नायका कंपनी की फर्जी वेबसाइट बनाकर उन्हें फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा दिया और 11 लाख 65 हजार रुपए हड़प लिए। पीड़ित ने इस धोखाधड़ी की शिकायत रेंज साइबर थाना जगदलपुर में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया।
झारखंड से पांच आरोपियों की गिरफ्तारी
एसपी बस्तर शलभ सिंहा ने बताया कि जांच के दौरान टीम झारखंड के रांची पहुंची। वहां से पुलिस ने आयुष कुमार राय, नीतीश कुमार, रॉकी कुमार, धर्मेंद्र उर्फ धीरज और रेड रोज उर्फ गोरेलाल को गिरफ्तार किया। इससे पहले इस नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी गोपाल कुमार शर्मा को पटना से पकड़ा गया था।
गिरोह की कार्यप्रणाली
पुलिस ने बताया कि आरोपी फर्जी म्यूल अकाउंट खोलकर ठगी के पैसों को विभिन्न जगहों पर ट्रांसफर करते थे। इस गिरोह की सक्रियता पर कड़ी नजर रखते हुए पुलिस ने अब तक कई ठगी के मामलों का पर्दाफाश किया है और आगामी दिनों में और भी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है।