जगदलपुर।नए वर्ष के स्वागत को लेकर शहर और ग्रामीण इलाकों में उत्साह का माहौल है। जगह-जगह कार्यक्रमों और आयोजनों की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन बीते वर्षों के अनुभवों को देखते हुए संभावित विवाद, अव्यवस्था और हादसों की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। खासकर शराब के नशे में वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहता है।इन्हीं आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए बस्तर पुलिस इस बार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर में लगाए गए करीब डेढ़ सौ सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोल रूम के जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
बस्तर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि नए वर्ष को लेकर पुलिस ने विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की है, जिसे सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे, वहां आयोजकों के साथ बैठक कर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के सीमित उपयोग और भीड़भाड़ से बचने पर विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिसे नए वर्ष तक और सख्ती से लागू किया जाएगा।
सीसीटीवी की मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर कार्रवाई और ई-चालान भेजे जा रहे हैं। चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात हैं, ताकि नया साल शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाया जा सके।