रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद की पहचान से आगे बढ़कर प्रकृति, संस्कृति, शांति और पर्यटन के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने यह बात लेह-लद्दाख के अध्ययन भ्रमण से लौटे पत्रकारों से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात के दौरान कही।
सीएम साय ने कहा कि बस्तर के जंगल, जलप्रपात, पहाड़, गुफाएं और समृद्ध जनजातीय संस्कृति में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। शांति और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन को नई गति मिल रही है। उन्होंने मीडिया से बस्तर की सकारात्मक कहानियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन बढ़ने से होटल, होम-स्टे, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि देश-दुनिया से पर्यटक सुरक्षित और निर्भय होकर बस्तर आएं और इसकी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक खूबसूरती का अनुभव करें।

