छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहाँ सांप का रेस्क्यू करने गए एक युवा स्नेक कैचर की सांप के डसने से मौत हो गई। नवागढ़ क्षेत्र में डायल 112 की टीम के साथ एक घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़ने गए स्नेक कैचर को रेस्क्यू के दौरान सांप ने डस लिया था, जिसके बाद बिलासपुर में इलाज के दौरान उसकी जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, नवागढ़ इलाके में एक घर में जहरीला सांप निकलने की सूचना पर डायल 112 की टीम और स्थानीय स्नेक कैचर मौके पर पहुँचे थे। स्नेक कैचर पूरी सतर्कता के साथ सांप को पकड़ने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। घटना के बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया। बिलासपुर के एक अस्पताल में बेहतर इलाज के दौरान आखिरकार उसकी साँसें थम गईं। इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

