रायपुर।भुइयां पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड में बड़े स्तर पर की गई हेराफेरी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पटवारी की मिलीभगत से शासकीय और निजी भूमि को अवैध रूप से दर्ज किए जाने के मामले में मुख्य आरोपी सहित एक पटवारी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से प्रशासन और राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, पस्ता थाना क्षेत्र के कोटडीह, भेंडरी, परसवार खुर्द, कराडीह और पकराडीह गांवों में लगभग 70 एकड़ जमीन के रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की गई। आरोप है कि भुइयां पोर्टल का दुरुपयोग कर शासकीय और किसानों की भूमि को फर्जी तरीके से एक ही परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज कर दिया गया।
यह मामला तब सामने आया जब सरपंचों ने खरीदी केंद्र में दस्तावेजों की जांच कराई। जांच में स्पष्ट हुआ कि बिना किसी वैध आदेश के ऑनलाइन रिकॉर्ड में बदलाव किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने पहले ही संबंधित पटवारी को निलंबित कर दिया था, जबकि अब पुलिस ने पटवारी और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

