रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए राज्य सरकार पर शराब घोटाले का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बीयर कैन पर लगे “7 Hills” ब्रांड के स्टिकर को हटाता हुआ दिखाई देता है, जिसके अंदर “Golden Bird” ब्रांड की शराब बताई जा रही है।
वीडियो साझा करते हुए भूपेश बघेल ने लिखा कि “भाजपा का शराब सिंडिकेट एक्सपोज़ हो गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सस्ती बियर पर महंगी बियर का स्टिकर लगाकर उसे शराब दुकानों में बेचा जा रहा है। उनके अनुसार इस पूरे मामले की शुरुआत राजनांदगांव से हुई है, जहां लंबे समय तक विजय शर्मा प्रभारी मंत्री रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यह पूरा खेल कमीशन, सेटिंग और संरक्षण का है और शराब के ब्रांड बदलकर करोड़ों रुपये का खेल चलाया जा रहा है। बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले पर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति यह भी दावा करता हुआ दिखाई दे रहा है कि खरीदी गई शराब की केन की एक्सपायरी डेट मिटा दी गई है। उसने बताया कि कस्टमर केयर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कॉल बंद मिला। जब केन पर लगा स्टिकर हटाया गया तो अंदर की बियर एक्सपायर बताई जा रही है।
हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।