रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महादेव सट्टा एप को लेकर सीबीआई की छापेमारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जब कांग्रेस सरकार ने ही इस मामले में कार्रवाई की थी, तो उन पर संरक्षण का आरोप क्यों लगाया जा रहा है?
भूपेश बघेल ने लिखा कि महादेव एप के बारे में देश में पहले कोई नहीं जानता था, लेकिन उनकी सरकार ने इस पर सख्त कार्रवाई की। कांग्रेस शासनकाल में 74 एफआईआर दर्ज हुईं, 200 से अधिक गिरफ्तारियां हुईं और 2000 से अधिक बैंक खाते सीज किए गए। उनकी सरकार ने ही गूगल को पत्र लिखकर इस एप को प्ले स्टोर से हटवाया था।
ईडी पर निशाना साधते हुए बघेल ने कहा कि एजेंसी ने झूठी खबर फैलाई कि महादेव एप के सरगना सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि वे वहां शिवकथा आयोजित करते पाए गए।
इसके अलावा, उन्होंने सीबीआई की कार्रवाई को लेकर आशंका जताते हुए कहा कि एजेंसी ने बिना सूचना उनके शासकीय आवास में प्रवेश किया। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा सीबीआई के माध्यम से किसी तरह का षड्यंत्र रच रही है?

