Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

वंदेमातरम पर भूपेश बघेल का अमित शाह को चैलेंज, बोले- पूरा गीत गाकर दिखाएं

रायपुर। दिल्ली दौरे से लौटे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वंदेमातरम को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वंदेमातरम के दो पद गाने का निर्णय लिया है। बघेल ने अमित शाह और भाजपा-आरएसएस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे वंदेमातरम का पूरा गीत गाकर दिखाएं और यह बताएं कि उनके किसी नेता ने स्वतंत्रता आंदोलन में वंदेमातरम गाते हुए लाठी या गोली खाई हो।

बघेल ने आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि संघ की प्रार्थना ‘नमस्ते सदा वत्सले’ की जगह वंदेमातरम से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में वंदेमातरम गाने और आंदोलन में लाठियां खाने वालों का इतिहास दर्ज है।

पूर्व सीएम ने कांग्रेस की बैठक में पारित प्रस्तावों का भी जिक्र किया। उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करने, अयोध्या में कथित चढ़ावा चोरी और निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोपों को लेकर देशभर में मुद्दा उठाने की बात कही। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में कथित घुसपैठ को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय बताया।

E-20 मामले पर बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिन मिलावट के खिलाफ पहले कार्रवाई होती थी, अब वही सरकारें मिलावट कर जनता की जेब पर बोझ डाल रही हैं।

Exit mobile version