रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा जहां इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बता रही है, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस दावे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि केवल कार्यकाल लंबा होने से किसी नेता का कद बड़ा नहीं हो जाता।
बघेल ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू 1947 से 1964 तक लगातार भारत के प्रधानमंत्री रहे और 1947-52 के उनके कार्यकाल को निर्वाचित नहीं मानना इतिहास के तथ्यों के विपरीत है। उन्होंने तर्क दिया कि संविधान सभा और उसके बाद की व्यवस्था लोकतांत्रिक प्रक्रिया का ही हिस्सा थी।
उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि यदि 1947-52 की सरकार को निर्वाचित नहीं माना जाता, तो सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीमराव अंबेडकर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे नेताओं की वैधता पर भी प्रश्न उठेंगे। बघेल ने कहा कि मोदी सरकार का यह दावा ऐतिहासिक तथ्यों से मेल नहीं खाता और नेहरू के योगदान को कम करके नहीं आंका जा सकता।


