रायपुर। धान खरीदी 30 जनवरी को समाप्त होने के बाद इस मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर धान नहीं बेच पाने वाले किसानों की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि जिन किसानों का धान नहीं खरीदा गया, विशेषकर ऋणी किसान, वे कर्ज की अदायगी कैसे करेंगे और क्या उन पर वसूली का दबाव बनाया जाएगा।
भूपेश बघेल ने सरकार से धान खरीदी के लक्ष्य, वास्तविक खरीदी, पंजीकृत किसानों की संख्या, निरस्त टोकन, भुगतान की स्थिति और एग्रीस्टैक पोर्टल की तकनीकी खामियों से प्रभावित किसानों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि खरीदी बंद होने के बाद किसान अनिश्चितता और आर्थिक दबाव में हैं और सरकार का दायित्व है कि किसी भी किसान को नुकसान या ऋण बोझ का सामना न करना पड़े।

