Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

भूपेश बघेल ने बेटे चैतन्य को बताया ‘बिट्टू’, बोले- अमित शाह ने बना दिया नेता

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने जन्मदिन पर पाटन में आयोजित समारोह में बेटे चैतन्य बघेल को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे चैतन्य को नेता नहीं बनाना चाहते थे, लेकिन अमित शाह ने उन्हें नेता बना दिया। इस दौरान मंच से ‘बिट्टू भईया जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए गए।

भूपेश बघेल ने कहा कि पाटन की धरती स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों की धरती है। यहां की माताओं ने योद्धाओं को जन्म दिया है और पाटनवासी डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ईडी की कार्रवाई के बाद चैतन्य जेल गए और अब वह जनता के बीच नेता के रूप में सामने आए हैं।

बता दें कि 23 अगस्त को भूपेश बघेल के जन्मदिन के अवसर पर पाटन में भव्य समारोह आयोजित किया गया था। इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे थे। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई विधायक और नेता भी मौजूद रहे।

केक काटने के बाद संबोधन के दौरान भूपेश बघेल ने चैतन्य को लेकर यह टिप्पणी की। वहीं मंच पर मौजूद चैतन्य बघेल ने कार्यकर्ताओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कांग्रेस समर्थक इसे चैतन्य बघेल की सक्रिय राजनीतिक पारी की शुरुआत के तौर पर देख रहे हैं।

Exit mobile version