गरियाबंद। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अमलीपदर में आचार्य पंडित युवराज पांडेय के आमंत्रण पर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आचार्य युवराज पांडेय के संभावित राजनीतिक प्रवेश पर कहा कि धर्म और संस्कृति से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को राजनीति में आने के बजाय अपने मूल कार्य में ही समाज की सेवा करनी चाहिए।
भूपेश बघेल ने कहा कि आचार्य युवराज पांडेय समाज में सम्मानित स्थान रखते हैं और उनकी पहचान राजनीति से नहीं, बल्कि धार्मिक व सांस्कृतिक योगदान से बनी रहनी चाहिए। उन्होंने पवन दीवान का उदाहरण देते हुए कहा कि लोकप्रिय हस्तियों का राजनीतिक भविष्य हमेशा सफल नहीं होता।
उन्होंने आचार्य युवराज पांडेय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग दोहराते हुए कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच प्रवचन देने वाले आचार्य को पर्याप्त सुरक्षा मिलनी चाहिए। साथ ही प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन पर भूपेश बघेल ने कहा कि यह छात्रों की अपनी लड़ाई थी और इसकी सफलता का श्रेय भी छात्रों को ही जाता है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ हुई कथित कार्रवाई की निंदा की।

