बीजापुर। जिला मुख्यालय के नया बस स्टैंड के पीछे वन भूमि पर बने 100 से अधिक मकानों को प्रशासन ने जेसीबी से तोड़ दिया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। इस कार्रवाई के विरोध में प्रभावित परिवारों ने विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया।
आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के यह कार्रवाई की गई, जबकि लोग पिछले कई वर्षों से वहां रह रहे थे। तोड़े गए मकानों में नक्सल पीड़ित परिवारों और डीआरजी के कुछ जवानों के घर भी शामिल बताए जा रहे हैं। बाद में अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर बातचीत का आश्वासन देने के बाद जाम खुलवाया गया। यह कार्रवाई प्रशासन की संवेदनशीलता और पुनर्वास व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।