बीजापुर मुठभेड़: नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, दो नक्सली ढेर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के हॉटस्पॉट माने जाने वाले नेशनल पार्क क्षेत्र में एक बार फिर सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई की है। बीजापुर जिले में साल 2026 की यह पहली मुठभेड़ है, जिसमें सुरक्षाबलों को सफलता मिली है। मट्टीमरका जंगल में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है, जहां अब तक दो नक्सलियों को मार गिराया गया है।

मुठभेड़ स्थल से दो ऑटोमेटिक हथियार, जिनमें दो AK-47 राइफल शामिल हैं, बरामद की गई हैं। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है।

जानकारी के अनुसार, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने नेशनल पार्क इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान जवानों का नक्सलियों के एक बड़े दस्ते से सामना हो गया, जिसके बाद सुबह से दोनों ओर से लगातार गोलीबारी हो रही है।

सूत्रों के मुताबिक, इस मुठभेड़ में नक्सलियों के बड़े नेता पापाराव और दिलीप वेंडजा के भी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एसपी यादव ने कहा कि मुठभेड़ समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी अलग से साझा की जाएगी।

गौरतलब है कि यही नेशनल पार्क क्षेत्र पहले भी कई बड़े नक्सलियों के मारे जाने और आत्मसमर्पण की घटनाओं के कारण चर्चा में रहा है। इस इलाके में 8 लाख के इनामी नक्सली स्नाइपर और डिप्टी कमांडर सोढ़ी कन्ना, पापाराव की पत्नी डीवीसीएम उर्मिला सहित कई नक्सलियों को पहले ही सुरक्षाबल ढेर कर चुके हैं।

You May Also Like

More From Author