बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बोड़ला-पुसनार के जंगलों में रविवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग जारी रही। इस मुठभेड़ में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के दो जवान गोली लगने से घायल हो गए। बीजापुर एसपी ने घटना की पुष्टि की है।
कैसे हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है। पुलिस और DRG के जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे, तभी सुबह नक्सलियों ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। गोलीबारी के दौरान दो जवान घायल हो गए।
एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया
घायल जवानों को पहले जिला अस्पताल बीजापुर में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हेलिकॉप्टर से रायपुर रेफर किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

