बीजापुर महादेव तालाब निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस विधायक ने मांगी कार्रवाई – कलेक्टर ने गठित की जांच टीम

बीजापुर। शहर के ऐतिहासिक महादेव तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गुणवत्ता में भारी खामियों और कार्य में लापरवाही के आरोपों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन की कथित “जीरो टॉलरेंस नीति” केवल दिखावा है और ठेकेदारों को संरक्षण दिया जा रहा है।

5 करोड़ की योजना, लेकिन निर्माण कार्य पर उठे सवाल

साल 2022-23 में कीर्ति कंस्ट्रक्शन को यह प्रोजेक्ट 5.08 करोड़ रुपये में सौंपा गया था। लेकिन बीते कई महीनों से निर्माण कार्य धीमी रफ्तार से चल रहा है और गुणवत्ता स्तर बेहद खराब बताया जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 30 मई को नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी ने पार्षदों के साथ निरीक्षण किया था। इस दौरान काम में कई गंभीर तकनीकी खामियां पाई गईं।

नपा अध्यक्ष ने चेताया, भुगतान और ब्लैकलिस्टिंग की दी चेतावनी

निरीक्षण के बाद नपा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया था कि गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो ठेकेदार का भुगतान रोका जाएगा और उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

कांग्रेस विधायक ने साधा निशाना

कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कहा कि भाजपा सरकार के “भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस” के दावों की पोल खुल चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौके पर जाकर कार्य को गुणवत्ताहीन बताते हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की दोहरे मापदंडों की नीति करार दिया और कहा कि बस्तर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार चल रहा है।

कलेक्टर बोले – होगी निष्पक्ष जांच

कलेक्टर संबित मिश्रा ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। नगर पालिका द्वारा ठेकेदार को 9 बार नोटिस भेजे जा चुके हैं। अब इस कार्य की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक टीम गठित की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author