बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के चिंगनेर पंचायत में निर्माणाधीन एक स्कूल भवन को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं।
वीडियो में दिखाया जा रहा है कि भवन में इस्तेमाल सामग्री बेहद कमजोर है, जिसे डंडे से आसानी से तोड़ा जा सकता है। इससे निर्माण कार्य में लापरवाही और संभावित अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि नक्सल प्रभाव कम होने के बाद बस्तर क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन ऐसे मामले इन प्रयासों पर सवाल खड़े करते हैं। स्थानीय स्तर पर ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत के आरोप भी लगाए जा रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले में भैरमगढ़ एसडीएम प्रकाश सार्वे ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

