बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासा एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में अहम उपलब्धि हासिल हुई है। एयरपोर्ट पर पहली बार नाइट लैंडिंग का सफल परीक्षण किया गया। राज्य सरकार के विमान से हुए इस ट्रायल में रनवे लाइटिंग, एप्रोच लाइट्स और एयर ट्रैफिक सिस्टम की जांच की गई, जिसमें सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने से अब कम विजिबिलिटी और खराब मौसम में भी फ्लाइट संचालन संभव होगा, जिससे यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इस दौरान एयरपोर्ट के अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद रही।
वहीं, एयरपोर्ट से जुड़ी जनहित याचिकाओं पर हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान निर्देश दिया गया कि नाइट लैंडिंग सहित सभी कार्यों की जानकारी दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत की जाए। अगली सुनवाई 25 फरवरी को होगी।
गौरतलब है कि हाल ही में एयरपोर्ट को VFR से IFR में अपग्रेड किया गया है, जिसका ट्रायल सफल रहा। इससे भविष्य में हवाई सेवाओं के विस्तार की उम्मीद और बढ़ गई है।