Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार: अनुपूरक बजट में 150 करोड़, 4C एयरपोर्ट की मांग तेज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट, चकरभाठा के विस्तार के लिए अनुपूरक बजट में 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस पर हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर आभार जताया और ज्ञापन सौंपा।

समिति ने मुख्य बजट में एयरपोर्ट को 4C श्रेणी का बनाने के लिए 500 करोड़ रुपये आवंटित करने की मांग की। समिति सदस्य सुदीप श्रीवास्तव ने बताया कि यह मुलाकात बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल और तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह की पहल पर हुई।

मुख्यमंत्री साय ने एयरपोर्ट विस्तार के लिए सेना की 1012 एकड़ भूमि अधिग्रहण को लेकर भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर चुके हैं और जल्द समाधान होने की उम्मीद है।समिति ने भूमि विवाद सुलझने के बाद रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 2200 मीटर करने, 500 यात्रियों की क्षमता वाला नया टर्मिनल और एटीसी टावर बनाने की मांग रखी।

Exit mobile version