बिलासपुर। जिले की केंदा घाटी में मंगलवार सुबह कोयले से लदा ट्रेलर पलटने से चालक और हेल्पर की मौत हो गई। वाहन उमरिया से रायपुर जा रहा था। खराब और गड्ढों से भरी सड़क के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रेलर नीचे जा गिरा।
हादसे में चालक प्रकाश महरा (28) और हेल्पर उमेश विश्वकर्मा (25), दोनों निवासी धनपुरी की मौत हो गई। मौके पर कोयले के नीचे दबा हेल्पर बाद में बरामद किया गया।
स्थानीय लोगों ने जर्जर सड़क को दुर्घटना की बड़ी वजह बताया है और प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

