बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से शिक्षक और प्रशासनिक अनुशासन को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मस्तूरी विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल लोहर्सी (सोन) में एक लेक्चरर ने स्कूल के प्रिंसिपल के साथ स्टाफ के सामने जमकर गाली-गलौज और अभद्रता की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, स्कूल में प्रार्थना के बाद अटेंडेंस रजिस्टर में साइन करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोपी लेक्चरर सानुज राम सोनी ने पुरानी कैजुअल लीव (CL) की जगह गुरुवार की छुट्टी चढ़ाने और सीएल न लिखने का दबाव बनाया। जब प्रिंसिपल ने इसका विरोध किया, तो लेक्चरर ने प्रशासनिक अमले और अन्य शिक्षकों के सामने प्रिंसिपल को गालियां दीं और देख लेने की धमकी दी।
बीच-बचाव करने पर संकुल समन्वयक को भी धमकाया
विवाद के दौरान जब एक संकुल समन्वयक (CAC) ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में बनाना चाहा, तो आरोपी लेक्चरर भड़क उठा। उसने संकुल समन्वयक का कॉलर पकड़ लिया और अभद्रता करते हुए कहा, “गांव वाले हो, देख लूंगा।” प्रिंसिपल ने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), मस्तूरी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) और पचपेड़ी थाने में दर्ज कराई है। साथ ही, उन्होंने अपनी सुरक्षा और भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

