बिलासपुर नगर निगम को एक बार फिर देश में अपना परचम लहराने का मौका मिला है। पंडित दीनदयाल शहरी आजीविका मिशन की पीएम स्वनिधि योजना के बेहतरीन क्रियान्वयन और असाधारण प्रदर्शन के लिए बिलासपुर नगर पालिक निगम को “सिस्टमेटिक प्रोग्रेसिव एनालिटकल रियल टाईम रैकिंग स्पार्क 2023-24” अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार 18 जुलाई को नई दिल्ली में केंद्रीय शहरी एवं आवासन मंत्री मनोहरलाल खट्टर और केंद्रीय शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा प्रदान किया जाएगा।
पीएम स्वनिधि योजना, जिसे प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स निधि के नाम से भी जाना जाता है, का उद्देश्य सड़क किनारे व्यापार करने वाले, रेहड़ी व्यापारी और लघु व्यापारियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के तहत, छोटे व्यापारियों को 10 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाता है, जो उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और बढ़ाने में मदद करता है।
बता दें कि 1 जनवरी 2024 से 12 जुलाई 2024 तक, पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्रथम ऋण के लिए 10 हजार रुपये, द्वितीय ऋण के लिए 20 हजार रुपये और तृतीय ऋण के लिए 330 रुपये, कुल 12126 आवेदनों का लक्ष्य रखा गया था। बिलासपुर नगर निगम ने इस लक्ष्य को पार करते हुए असाधारण प्रदर्शन किया है। नगर निगम ने प्रथम ऋण में 15534, द्वितीय ऋण में 5411 और तृतीय ऋण में 597, कुल मिलाकर 21542 आवेदन प्राप्त किए और स्वीकृत किए। इसके साथ ही, नगर निगम ने रिकार्ड समय सीमा में 7079 प्रथम श्रेणी, 2009 द्वितीय श्रेणी और 377 तृतीय श्रेणी के कुल 9465 पात्र आवेदकों को ऋण वितरित किया है।

