बिलासपुर। शहर के उसलापुर गोकुलधाम क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक मकान की अंडरग्राउंड बोरिंग हाई प्रेशर के कारण अचानक फट गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, पास के एक प्लॉट में नई बोरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अत्यधिक दबाव बनने से पहले से मौजूद अंडरग्राउंड बोरिंग फट गई। जोरदार धमाके के साथ जमीन के अंदर से पानी और मिट्टी बाहर निकलने लगी।
इस घटना का पूरा दृश्य मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें बोरिंग फटने का भयावह मंजर साफ दिखाई देता है। घटना के वक्त मकान मालिक मौके पर मौजूद था, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।