बिलासपुर में बम धमकी के बाद हाई अलर्ट, पटाखों से भरा संदिग्ध ट्रक मिला

बिलासपुर।जिला न्यायालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बिलासपुर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी बीच शहर में तमिलनाडु नंबर प्लेट वाला एक ट्रक पटाखों से भरा संदिग्ध हालत में खड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक 8 जनवरी की सुबह तमिलनाडु से भेजे गए ई-मेल के जरिए बिलासपुर और राजनांदगांव के जिला न्यायालय को उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद से ही दोनों शहरों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी क्रम में सोमवार सुबह बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर रोड पर तमिलनाडु नंबर प्लेट वाला ट्रक (TN-52 P-9783) पटाखों से भरा हुआ मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक से पटाखों से भरे कार्टून एक पिकअप वाहन में उतारे जा रहे थे। गांव और रिहायशी इलाके के बीच बिना सुरक्षा मानकों के खड़े इस ट्रक को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में मौजूद सामग्री का धमकी भरे ई-मेल से कोई संबंध है या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

You May Also Like

More From Author