बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
इस मामले में मुख्य आरोपी आयुष एक्का को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अपचारी बालकों को हिरासत में लिया गया है। वहीं गिरोह का एक अन्य सदस्य हरिओम जोशी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह बिलासपुर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सक्रिय था और बुलेट, पल्सर तथा जावा जैसी महंगी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। पूछताछ में आरोपियों ने सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है।
आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल होने वाले हथौड़ी, कटर, मास्क सहित अन्य औजार भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस के साथ एसीसीयू, संकरी और मोपका पुलिस की संयुक्त टीम ने की है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।