बिलासपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-कॉमर्स कंपनियों के कई वेयरहाउसों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा और चकरभाठा थाना क्षेत्र में स्थित गोदामों में की गई।
पुलिस जांच के दौरान अमेजन, फ्लिपकार्ट, मीशो, ब्लिंकिट, ई-कार्ट और ब्लू डार्ट समेत अन्य रिटेल वेयरहाउसों से बटनदार और धारदार चाकू बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसके बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इन हथियारों की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त आपराधिक उद्देश्यों से तो नहीं की जा रही थी। साथ ही चाकू ऑर्डर करने वाले ग्राहकों की सूची की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के बाद सभी संबंधित वेयरहाउस प्रबंधकों को एसपी कार्यालय तलब कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिले में ऑनलाइन माध्यम से चाकू और अन्य प्रतिबंधित धारदार हथियारों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी गोदाम से हथियार बरामद होते हैं, तो संबंधित मैनेजर और कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ऐसी जांच और निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी।