Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

बिलासपुर में अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश

CG News | बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन रोकने पहुंचे नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश का मामला सामने आया है। राजस्व अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को नायब तहसीलदार राहुल साहू ग्राम गढ़वट में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने रेत से भरे एक ट्रैक्टर को रोका। आरोप है कि चालक खैरखंडी निवासी रितुराज सिंह ने ट्रैक्टर से आधी रेत नदी में खाली कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।

नायब तहसीलदार द्वारा रोकने पर चालक ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की, जिससे साहू ने कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद चालक ट्रैक्टर लेकर बस्ती की ओर फरार हो गया।

मामले में नायब तहसीलदार के आवेदन पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के तहत आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया और बेलतरा तहसीलदार की अदालत में पेश किया, जहां उसे जमानत मिल गई।

हालांकि घटना के बाद भी प्रशासन द्वारा ट्रैक्टर और रेत की जब्ती नहीं की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है।

टीआई रतनपुर नीलेश पांडेय ने बताया कि राजस्व अधिकारी के आवेदन के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई कर उसे कोर्ट में पेश किया गया है।

Exit mobile version