बिलासपुर। जिले के रतनपुर क्षेत्र के ग्राम पचरा में एक पटवारी पर 60 हजार रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीण से पट्टे की भूमि का ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने और ऋण पुस्तिका जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी। पीड़ित ने 30 हजार रुपये दे भी दिए, लेकिन जब रिकॉर्ड अपडेट नहीं हुआ, तो उसने कोटा एसडीएम से शिकायत कर दी। इसी बीच, पटवारी का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे मामला तूल पकड़ने लगा है।
वीडियो में कैद हुआ भ्रष्टाचार
ग्राम पचरा निवासी केवल दास मानिकपुरी के पिता स्व. दुलमदास को 1984-85 में सरकारी पट्टा मिला था। जमीन का ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट कराने के लिए पटवारी अनिकेत साव ने पहले 60 हजार रुपये की मांग की। बाद में 26 दिसंबर 2024 को उसने अपने घर पर 30 हजार रुपये नकद ले लिए। आरोप है कि केवल दास ने पटवारी को रिश्वत लेते हुए वीडियो भी बना लिया था।
शिकायत के बाद कार्रवाई की मांग
रिश्वत देने के बावजूद न तो जमीन का रिकॉर्ड अपडेट हुआ और न ही ऋण पुस्तिका मिली। जब केवल दास ने पटवारी से संपर्क किया, तो उसने बहाने बनाकर टालना शुरू कर दिया। परेशान ग्रामीण ने कोटा एसडीएम से शिकायत कर पटवारी पर धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार की कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने अपने 30 हजार रुपये वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है। मामले की जांच के बाद अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

