बिलासपुर: तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में एक युवक ने अपनी समस्या को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक तरुण साहू ने उप संपदा अधिकारी की टेबल पर बादाम बिखेरते हुए कहा कि वह याददाश्त बढ़ाने के लिए बादाम लाया है, ताकि विभाग उसकी गुम हुई फाइल को याद कर सके।
मामला फ्लैट के नामांतरण से जुड़ा है। तरुण साहू ने करीब एक साल पहले रिसेल में ईडब्ल्यूएस (EWS) फ्लैट खरीदा था, लेकिन अब तक नामांतरण के दस्तावेज उसे नहीं मिल पाए हैं। युवक का आरोप है कि विभाग उसकी फाइल खो जाने की बात कहकर लगातार टालमटोल कर रहा है।
पीड़ित के अनुसार, वह पिछले एक साल से लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, लेकिन हर बार उसे यही जवाब मिलता है कि फाइल नहीं मिल रही है। आखिरकार परेशान होकर उसने यह अनोखा विरोध प्रदर्शन किया, ताकि उसकी समस्या पर ध्यान दिया जा सके।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए गृह निर्माण मंडल ने कार्रवाई की है। एलपी बंजारे, कार्यपालन अभियंता (प्रभारी संपदा अधिकारी) और संबंधित कॉलोनी प्रभारी पूनम बंजारे, वरिष्ठ सहायक (प्रभारी सहायक संपदा प्रबंधक) को आगामी आदेश तक छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल मुख्यालय, पर्यावास भवन, नवा रायपुर अटल नगर स्थित संपदा शाखा में उनके मूल पद पर संलग्न कर दिया गया है।

