India & World Today | Latest | Breaking News –

बिलासपुर की आदया श्रीवास्तव ने जीता ‘जूनियर मिस इंडिया – मिस कॉन्फिडेंट’ का खिताब

बिलासपुर की प्रतिभाशाली बालिका आदया श्रीवास्तव ने जयपुर के पाँच सितारा होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित प्रतिष्ठित जूनियर मिस इंडिया प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘जूनियर मिस इंडिया – मिस कॉन्फिडेंट’ का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि से उन्होंने छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

देशभर से लगभग 180 प्रतिभागियों के बीच आदया ने अपने आत्मविश्वास, वाक्-कौशल, कथक नृत्य प्रस्तुति और प्रभावशाली रैंप वॉक से निर्णायकों को प्रभावित किया। खिताब जीतने पर उन्हें क्राउन, सैश, प्रमाण-पत्र और गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए गए।

तीन दिवसीय इस आयोजन में बॉलीवुड अभिनेत्री रीवा अरोड़ा, निर्देशक-निर्माता मनीष सिंह, फैशन विशेषज्ञ उन्नति सिंह, कोरियोग्राफर यतिन गांधी सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां निर्णायक के रूप में मौजूद रहीं।

आदया ने बताया कि कल्चरल राउंड में उन्होंने रायगढ़ घराने की कथक शैली प्रस्तुत की, जबकि फैशन राउंड में डिज़ाइनर रीमा माखीजा की पोशाक में रैंप वॉक किया। उन्हें फ़ाइनल राउंड के लिए पूर्व मिस इंडिया यूनिवर्स नयोनिता लोध का मार्गदर्शन मिला।

उल्लेखनीय है कि आदया डीपीएस स्कूल, बिलासपुर की कक्षा सातवीं की छात्रा हैं और रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना वासंती वैष्णव की शिष्या हैं। वे श्री आलोक श्रीवास्तव और श्रीमती आँचल श्रीवास्तव की पुत्री हैं। माता-पिता ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है।

Exit mobile version