महासमुंद। मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल महासमुंद का कथित बायो मेडिकल वेस्ट नगर पालिका के तुमाड़बरी स्थित एसएलआरएम डंपिंग यार्ड में फेंके जाने का मामला सामने आया है। डंपिंग यार्ड में सिरिंज, ग्लव्स, ड्रिप सेट, बैंडेज और अन्य संक्रमित सामग्री मिलने के बाद जनस्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
नगर पालिका कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विरोध के बावजूद तीन ट्रैक्टर कचरा डंप किया गया। सूचना मिलने पर सीएमओ सौरभ शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया और अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने भी निरीक्षण के दौरान बायो मेडिकल वेस्ट की मौजूदगी की पुष्टि की।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. बसंत महेश्वरी ने इसे सामान्य कचरा बताया, लेकिन मौके पर मिली सामग्री और स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के बाद मामले की जांच तेज हो गई है। नगर पालिका ने पूरे मामले की जानकारी शासन को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश मांगे हैं।

